भिंड: संवाददाता
Bhind । प्रदेश की भाजपा सरकार और स्थानीय विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह के नेतृत्व में भिंड विधानसभा क्षेत्र को चौमुखी विकास की ओर अग्रसर किया जा रहा है। बीते एक साल में क्षेत्र को कई महत्वपूर्ण योजनाओं और परियोजनाओं की सौगात मिली है, जिनका उद्देश्य जनता को स्वास्थ्य, रोजगार, बुनियादी ढांचे और कृषि जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में लाभ पहुंचाना है।
भिंड मुख्यालय पर मेला ग्राउंड के सामने मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जा रही है। 3 करोड़ रुपये की लागत से बाउंड्री वॉल का निर्माण प्रगति पर है और जल्द ही मेडिकल कॉलेज के निर्माण की निविदा जारी की जाएगी। युवाओं को रोजगार देने के उद्देश्य से फूड पार्क जोन स्थापित किया जा रहा है। इसमें लगभग 80 फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स संचालित होंगी, जो करीब 5,000 युवाओं को रोजगार प्रदान करेंगी।
किसानों को आवारा मवेशियों की समस्या से निजात दिलाने के लिए ग्राम पंचायत पांडरी में गौ अभ्यारण्य की स्थापना की जा रही है। इस परियोजना में 10,000 गौवंश के रखरखाव की सुविधा प्रदान की जाएगी। साथ ही, भिंड नगरीय निकाय क्षेत्र में 1.25 अरब रुपये की लागत से सीवर प्रोजेक्ट के दूसरे चरण को स्वीकृति दी गई है। विधानसभा क्षेत्र की सड़क नेटवर्क को मजबूत बनाने के लिए उमरी-सगरा-नयागांव-टेहनगुर मार्ग का चौड़ीकरण और पुनर्निर्माण किया जा रहा है, जिसकी लागत 40.92 करोड़ रुपये है। वहीं, बबेड़ी से नदरौली मार्ग पर रपटा निर्माण के लिए 8.28 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इंदिरा गांधी चौराहे से रेलवे फाटक तक 3.40 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण भी किया जा रहा है। भिंड विधानसभा क्षेत्र की चार पंचायतों (रछेड़ी, दबोह, बाराकलां, खैराश्यामपुरा) में पंचायत भवनों का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिनकी लागत 37.49 लाख रुपये प्रति भवन है। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए जखमौली, बझाई, चरथर और ढोंचरा में 4 नवीन उपस्वास्थ्य केंद्र बनाए जा रहे हैं, जिनकी लागत 43.88 लाख रुपये प्रति केंद्र है। भिंड शहर में 50 विस्तरीय आयुष अस्पताल का निर्माण 12 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, 1 करोड़ रुपये की लागत से नगर वन विकसित किया जा रहा है, जो शहरवासियों के लिए एक हरित क्षेत्र प्रदान करेगा। साथ ही, 240 करोड़ रुपये की लागत से भिंड शहर का बाईपास निर्माण कार्य भी जारी है। विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह ने कहा कि भाजपा सरकार के नेतृत्व में भिंड क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाई पर ले जाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। स्वास्थ्य, रोजगार और कृषि के क्षेत्रों में किए गए ये कार्य जनता के जीवन को सरल और सुविधाजनक बनाएंगे। उन्होंने जनता को आश्वासन दिया कि भविष्य में विकास कार्यों की गति और तेज की जाएगी, ताकि भिंड विधानसभा क्षेत्र को विकास का एक आदर्श मॉडल बनाया जा सके।














