Advertisement

पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाई, पत्नी बनकर रह रही महिला को रास्ते से हटाने की रची थी साजिश

प्रेम त्रिकोण में महिला की हत्या का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्ता

भिंड,हसरत अली। मेहगांव थाना क्षेत्र में 3 जून को पिपरौली के हार स्थित बंबा के पास मिली अज्ञात महिला की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रेम त्रिकोण के चलते महिला की हत्या की गई थी। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार 3 जून को पिपरौली के हार में एक महिला का शव बरामद हुआ था। महिला का सिर बुरी तरह कुचला हुआ था तथा घटनास्थल से एक फावड़ा और फटा हुआ रेलवे टिकट मिला था। पुलिस ने डॉग स्क्वॉड, एफएसएल टीम और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच शुरू की। शव की पहचान नहीं होने पर पुलिस ने मौके से मिले रेलवे टिकट की जांच की, जिससे पता चला कि टिकट मथुरा से ग्वालियर तक का था।

इसके बाद पुलिस ने मथुरा और ग्वालियर रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में महिला दो युवकों के साथ दिखाई दी। जांच में महिला की पहचान उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ निवासी इंद्रावती वर्मा के रूप में हुई, जो अजनौल गांव निवासी नारायण बघेल के साथ सूरत में पत्नी की तरह रह रही थी।

पुलिस जांच में सामने आया कि नारायण बघेल का भिंड निवासी संगीता बघेल से प्रेम संबंध था। संगीता शादीशुदा थी, लेकिन पति से अलग रह रही थी। इंद्रावती लगातार नारायण पर साथ रखने का दबाव बना रही थी, जिससे परेशान होकर नारायण और संगीता ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

साजिश में सूरत में साथ काम करने वाले इटावा निवासी कुंदन बाथम को भी शामिल कर लिया गया।
योजना के तहत तीनों इंद्रावती को सूरत से मथुरा, फिर ग्वालियर होते हुए भिंड लेकर आए। रास्ते में एक फावड़ा खरीदा गया।

अजनौल जाने के बहाने रात में पिपरौली के बंबा के पास उतरे और पैदल चलते समय नारायण व कुंदन ने इंद्रावती का गला दबाकर हत्या कर दी। पहचान छिपाने के उद्देश्य से फावड़े से उसका सिर कुचल दिया गया।
मेहगांव पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नारायण बघेल, संगीता बघेल और कुंदन बौथम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में तीनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *