Advertisement

पुलिस ने किया अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़, अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश

भिण्ड। पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा के निर्देशन में भिण्ड पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लहार रोड स्थित दुर्गा नगर में संचालित एक अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। घनी आबादी के बीच चल रही इस फैक्ट्री से पुलिस ने 10 अवैध कट्टे, कारतूस तथा हथियार निर्माण में उपयोग होने वाला भारी मात्रा में उपकरण और सामग्री बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी पड़ोसियों को भनक न लगे, इसके लिए तेज आवाज में गाने बजाकर हथियार बनाने का काम करते थे। गिरफ्तार आरोपी पिता-पुत्र हैं और उनके खिलाफ पूर्व में भी अवैध हथियार निर्माण, तस्करी, हत्या के प्रयास, डकैती की योजना तथा गैंगस्टर एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। आरोपी तैयार कट्टों को 15 से 20 हजार रुपये में बेचते थे।

मुखबिर से मिली सूचना पर नगर पुलिस अधीक्षक निरंजन राजपूत के मार्गदर्शन में थाना देहात, बरोही, नयागांव तथा साइबर सेल की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को कार्रवाई की। मौके से छह तैयार एवं चार अधबने 315 बोर कट्टे, विभिन्न बोर के कारतूस तथा हथियार बनाने की मशीनें और उपकरण जब्त किए गए।

पूछताछ में आरोपियों ने उत्तर प्रदेश से कारीगर बुलाकर हथियार तैयार कराने और उनकी बिक्री करने की बात स्वीकार की है। मामले में दो अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं, जो फिलहाल फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

भिण्ड पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध हथियार कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा ने कार्रवाई में शामिल अधिकारियों और जवानों की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अवैध हथियार एवं मादक पदार्थों के कारोबार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।

इस सफल कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक निरंजन राजपूत, थाना प्रभारी देहात निरीक्षक शिवप्रताप राजावत, थाना प्रभारी बरोही अतुल भदौरिया, थाना प्रभारी नयागांव वैभव तोमर सहित साइबर सेल एवं पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों- कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *