ढाई हजार के इनामी आरोपी को देहात पुलिस ने दबोचा
भिण्ड। थाना देहात पुलिस ने आबकारी अधिनियम के एक पुराने मामले में फरार चल रहे ढाई हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी वर्ष 2021 से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। पुलिस अधीक्षक भिण्ड के निर्देशन में चलाए जा रहे फरार एवं इनामी अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
21 पेटी शराब के साथ पकड़ी गई थी कार
पुलिस के अनुसार 26 दिसंबर 2021 को दबोहा मोड़ के पास एक टाटा इंडिका कार से दो आरोपियों को 21 पेटी रॉयल व्हिस्की शराब की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया गया था। मामले में थाना देहात में अपराध क्रमांक 760/21 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। घटना में शामिल तीसरा आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिसकी लगातार तलाश की जा रही थी।
सूचना मिलते ही की घेराबंदी,आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए फरार आरोपी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 2500 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। हाल ही में पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव एण्डोरी पहुंचा है। सूचना के आधार पर पूर्व से गठित पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिवप्रताप राजावत, उपनिरीक्षक विजय शिवहरे सहित देहात थाना, साइबर सेल एवं एण्डोरी थाना पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।














Leave a Reply