Advertisement

आज़ाद बलिदान दिवस समारोह 27 को लोहिया खुर्द में,

तैयारियों पर लेकर बनी रणनीति

इटावा। चंबल संग्रहालय, पंचनद द्वारा अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद के बलिदान दिवस के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन आगामी 27 फरवरी को लाल सेना स्मारक, लोहिया खुर्द में किया जाएगा। समारोह की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में आयोजन की रूपरेखा तय की गई और कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु जनसंपर्क अभियान तेज करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि चंद्रशेखर आज़ाद का चंबल अंचल से गहरा और ऐतिहासिक नाता रहा है। स्वतंत्रता संग्राम को गति देने के लिए उन्होंने अपने क्रांतिकारी साथियों के साथ इसी अंचल में कई गुप्त बैठकों के माध्यम से फिरंगी हुकूमत को उखाड़ फेंकने की रणनीति तैयार की थी। चंबल संग्रहालय स्मरण दिवस के माध्यम से भारत माता की गुलामी की बेड़ियों को तोड़ने वाले अमर क्रांतिकारी के विचारों को निरंतर याद करता रहा है।
बैठक को संबोधित करते हुए चंबल संग्रहालय के निदेशक चन्द्रोदय सिंह चौहान ने कहा कि अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद के क्रांतिकारी विचारों से नई पीढ़ी को जोड़ने के लिए सतत प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने बलिदान दिवस समारोह की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की। वहीं क्रांतिकारी लेखक डॉ. शाह आलम राणा ने सभी से बलिदान दिवस समारोह को ऐतिहासिक बनाने की अपील की।
आयोजन समिति से जुड़े डीके सिकरवार ने जानकारी दी कि अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद बलिदान दिवस के अवसर पर लाल सेना स्मारक, लोहिया खुर्द में प्रातः 10 बजे से वॉलीबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए दर्जनों टीमों से संपर्क किया गया है।
बैठक में आयोजन समिति से जुड़े चन्द्रवीर चौहान, डॉ. ज्योति यादव, बलवीर शांखवार, सत्यम प्रजापति, श्रीमती क्षमा चौहान, विकास बाथम, आसिव कुमार, राज शंखवार, राम प्रताप सिंह चौहान, राजवीर सिंह यादव, जयेंद्र चौहान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *