भिण्ड,। समाज में स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सुप्रयास संस्था द्वारा स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन, विशेषकर बच्चों और महिलाओं को स्वच्छता के महत्व और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में जानकारी देना था।
कार्यक्रम के दौरान सुप्रयास संस्था के सचिव डॉ. मनोज जैन ने बताया कि स्वच्छता केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे समाज को विभिन्न बीमारियों से बचाने के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने हाथ धोने की सही विधि, स्वच्छ पेयजल के उपयोग, कचरे के उचित निपटान तथा आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखने के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि दैनिक जीवन में अपनाई जाने वाली छोटी-छोटी आदतें जैसे नियमित रूप से हाथ धोना, साफ पानी पीना और घर व आसपास स्वच्छता बनाए रखना कई बीमारियों से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम में आनंद शिवहरे, परमाल समाधिया और रामकुमार सहित बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूरों, बच्चों और महिलाओं ने भाग लिया तथा स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। यह जागरूकता कार्यक्रम श्री बालाजी ईंट भट्टा, अटेर रोड पर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी उपस्थित लोगों से स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। साथ ही हाथ धोने के महत्व को बताते हुए प्रतिभागियों को साबुन भी वितरित किए गए।
















Leave a Reply