भिंड। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशन में ग्वालियर रोड स्थित सुख विला पैलेस में उमंग स्कूल हेल्थ एंड वैलनेस प्रोग्राम के तहत आयोजित तीन दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण का शनिवार को समापन हुआ। कार्यक्रम में 80 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य किशोर-किशोरियों में जीवन कौशल विकसित करना, मानसिक स्वास्थ्य, मासिक धर्म स्वच्छता, एनीमिया, पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर शिक्षकों को प्रशिक्षित करना था।
मुख्य अतिथि जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.के. शर्मा ने एनीमिया से बचाव के लिए संतुलित आहार, आयरन युक्त भोजन, आयरन-फोलिक एसिड की गोलियां, नियमित व्यायाम और स्वास्थ्य जांच के महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से बचने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के जिला समन्वयक वीरेंद्र वर्मा ने उमंग स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध गोपनीय काउंसलिंग, मानसिक स्वास्थ्य, पोषण, नशा मुक्ति, यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य तथा लिंग आधारित हिंसा जैसे विषयों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में एजुकेशन नोडल रामविलास शर्मा, उमंग प्रभारी हरी बाबू शर्मा, सीटीईडी के एजीएम उदयनाथ मिश्रा सहित मास्टर ट्रेनर एवं उमंग काउंसलरों ने किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों, माहवारी स्वच्छता और नि:शुल्क परामर्श सेवाओं की जानकारी दी। अंत में मनहित ऐप और टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 की जानकारी देकर प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं पौधे वितरित किए गए। कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।













Leave a Reply