Advertisement

अमृत भारत स्टेशन के उद्घाटन की तैयारियों का डीआरएम ने लिया जायजा

पुनर्विकसित भिण्ड रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण, समय पर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरे करने के दिए निर्देश

भिण्ड। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित भिण्ड रेलवे स्टेशन के प्रस्तावित उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण करने मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अनिरुद्ध कुमार मंगलवार को भिण्ड पहुंचे। उन्होंने स्टेशन परिसर का विस्तृत निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, सौंदर्यीकरण कार्यों और उद्घाटन से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन भवन के आकर्षक फसाड, प्रवेश एवं निकास द्वार, प्रतीक्षालय, टिकट बुकिंग काउंटर, प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग, पेयजल, शौचालय, दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएं, प्रकाश व्यवस्था, साइनेज तथा स्वच्छता का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्घाटन कार्यक्रम से पहले सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

डीआरएम ने सुरक्षा एवं संरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टेशन परिसर की स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, यातायात प्रबंधन तथा आवश्यक संकेतकों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित भिण्ड रेलवे स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होकर यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करेगा। आधुनिक अधोसंरचना और स्थानीय विरासत का समन्वय इस स्टेशन को नई पहचान देगा, जिससे क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *