भिण्ड। शहर के आर्य नगर स्थित पैतृक मकान के बंटवारे को लेकर दो भाइयों के बीच विवाद गहरा गया है। ग्वालियर निवासी गजेन्द्र सिंह चौहान (63) ने पुलिस अधीक्षक भिण्ड को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उनके बड़े भाई वेदप्रकाश सिंह तथा उनके परिवार के सदस्य मकान पर कब्जा किए हुए हैं और विरोध करने पर गाली-गलौज, पथराव व जान से मारने की धमकी देते हैं। उन्होंने अपने परिवार की सुरक्षा और हिस्से के मकान का बंटवारा कराने की मांग की है।
आवेदन में गजेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि वर्ष 2004 में उनके साथ मारपीट की घटना के बाद उन्हें भिण्ड छोड़कर ग्वालियर में बसना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि पारिवारिक कार्यक्रमों के दौरान भी लगातार विवाद और अभद्रता होती रही। वर्ष 2024 में पैतृक मकान बेचने की बात होने पर उन्होंने राजस्व एवं नगर पालिका में बकाया कर जमा कराकर नामांतरण की प्रक्रिया पूरी कराई, लेकिन इस दौरान भी आपत्ति लगाई गई। बाद में 13 जनवरी 2026 को नगर पालिका में नामांतरण हो गया।
गजेन्द्र सिंह का आरोप है कि वर्तमान में मकान की ऊपरी दोनों मंजिलों पर बड़े भाई के पुत्र व बहू तथा भूतल पर दूसरे भाई की बहू का कब्जा है। उनका कहना है कि मकान पर जाने पर पथराव, गाली-गलौज और आग लगाने की धमकी दी जाती है, जिससे वे अपने हिस्से के मकान में प्रवेश भी नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि संबंधित लोगों के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें की जा चुकी हैं।
प्रार्थी ने एसपी से मांग की है कि उन्हें और उनके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए तथा पैतृक संपत्ति का विधिसम्मत बंटवारा कराया जाए। आवेदन के साथ उन्होंने थाना कोतवाली में की गई शिकायतों, राजस्व विभाग एवं नगर पालिका के नामांतरण संबंधी दस्तावेजों की प्रतियां भी संलग्न की हैं।













Leave a Reply