प्रधानमंत्री कल करेंगे भिण्ड सहित 75 अमृत भारत स्टेशनों का लोकार्पण
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से राष्ट्र को समर्पित होंगे भिण्ड, हरपालपुर, टीकमगढ़ और महाराजा छत्रसाल स्टेशन
भिण्ड। भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण अभियान के तहत 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 75 पुनर्विकसित अमृत भारत स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के 13 पुनर्विकसित स्टेशनों को भी राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा, जिनमें उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के भिण्ड, हरपालपुर, टीकमगढ़ और महाराजा छत्रसाल (छतरपुर) रेलवे स्टेशन शामिल हैं। संबंधित स्टेशनों पर जनप्रतिनिधियों, रेलवे अधिकारियों एवं आमजन की मौजूदगी में कार्यक्रम आयोजित होगा।
अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत इन स्टेशनों का व्यापक कायाकल्प किया गया है। भिण्ड स्टेशन पर लगभग 11.79 करोड़ रुपये, हरपालपुर पर 11.745 करोड़ रुपये, टीकमगढ़ स्टेशन पर 6.50 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के साथ 13.50 करोड़ रुपये की लागत से 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज एवं लिफ्ट सुविधा विकसित की गई है। वहीं महाराजा छत्रसाल (छतरपुर) स्टेशन पर 6.50 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के साथ 10.27 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक फुट ओवर ब्रिज का निर्माण किया गया है।
पुनर्विकसित स्टेशनों पर आधुनिक प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, एलईडी प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, पार्किंग, हरित क्षेत्र, लिफ्ट, फुट ओवर ब्रिज, दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए रैंप, टैक्टाइल पाथ, व्हीलचेयर, दिव्यांग अनुकूल शौचालय, लो-हाइट टिकट काउंटर और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। स्टेशन भवनों के सौंदर्यीकरण में स्थानीय संस्कृति और क्षेत्रीय विरासत की झलक भी देखने को मिलेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किए गए यह विकास कार्य बुंदेलखंड एवं चंबल क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक और पर्यटन विकास को नई गति देंगे। बेहतर रेलवे अधोसंरचना से व्यापार, रोजगार और क्षेत्रीय संपर्क को बढ़ावा मिलेगा, जबकि यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और विश्वस्तरीय यात्रा अनुभव प्राप्त होगा। 17 जुलाई का यह लोकार्पण भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण अभियान में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।













Leave a Reply