Advertisement

अमृत भारत स्टेशन योजना: उद्घाटन से पहले डीआरएम ने परखी तैयारियां

भिण्ड। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित भिण्ड रेलवे स्टेशन के प्रस्तावित उद्घाटन से पहले मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अनिरुद्ध कुमार ने बुधवार को स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पर विकसित यात्री सुविधाओं, सौंदर्यीकरण कार्यों और उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन भवन के आकर्षक फसाड, प्रवेश एवं निकास द्वार, प्रतीक्षालय, टिकट बुकिंग काउंटर, प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग, पेयजल, शौचालय, दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएं, प्रकाश व्यवस्था, साइनेज और स्वच्छता व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि उद्घाटन से पहले प्रत्येक सुविधा पूरी तरह क्रियाशील और यात्रियों के लिए सुगम होनी चाहिए।

डीआरएम ने सुरक्षा, संरक्षा और यात्री सुविधाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान यात्रियों और आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें तथा स्टेशन परिसर की स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, यातायात प्रबंधन और आवश्यक संकेतकों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित भिण्ड रेलवे स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। स्थानीय विरासत और आधुनिक अधोसंरचना का समन्वय यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करेगा। साथ ही इस परियोजना से क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *