Advertisement

सेफ क्लिक अभियान: कोचिंग संस्थानों में पहुंचकर छात्रों को किया साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक

भिण्ड। साइबर अपराधों से बचाव एवं ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सेफ क्लिक अभियान के तहत कोचिंग संस्थानों एवं लाइब्रेरी में छात्र जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्रों को साइबर फ्रॉड से बचने के उपायों की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
छात्रों को दी गई जरूरी जानकारी

कार्यक्रम में बताया गया कि किसी भी अनजान लिंक, QR कोड या संदिग्ध वेबसाइट पर बिना जांचे क्लिक न करें। सोशल मीडिया, ई-मेल और मैसेज के माध्यम से आने वाले फर्जी लिंक से सावधान रहें। OTP, CVV, बैंक खाता संख्या, UPI PIN एवं पासवर्ड किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें।

साथ ही ऑनलाइन नौकरी, स्कॉलरशिप, लोन, कैशबैक और निवेश के नाम पर होने वाले फ्रॉड से सतर्क रहने की अपील की गई। छात्रों को मोबाइल एवं कंप्यूटर में केवल विश्वसनीय स्रोतों से ऐप डाउनलोड करने और मजबूत पासवर्ड रखने की सलाह दी गई।

साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत करें शिकायत
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराध होने पर घबराएं नहीं, तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें और साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। बैंक खाते से जुड़े फ्रॉड की स्थिति में तुरंत बैंक को सूचना दें तथा स्क्रीनशॉट, मैसेज और लेन-देन संबंधी जानकारी सुरक्षित रखें।

इस मौके पर थाना प्रभारी देहात निरीक्षक शिवप्रताप सिंह राजावत, उप निरीक्षक विजय शिवहरे, आरक्षक फिरोज खान एवं अजय सगर मौजूद रहे। पुलिस टीम ने छात्रों से अपील की —
“सोच-समझकर करें क्लिक, तभी रहेंगे ऑनलाइन सुरक्षित — सेफ क्लिक, सेफ लाइफ।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *