भिण्ड। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी किरोड़ी लाल मीणा ने सोमबार को जिला चिकित्सालय पहुंचकर विभिन्न व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सबसे पहले ओपीडी काउंटर पहुंचे, जहां उन्होंने मरीजों के पंजीयन एवं उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी सिविल सर्जन Dr. R N Rajoriya से प्राप्त की। उन्होंने अस्पताल में आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
इसके बाद कलेक्टर ने दवा वितरण काउंटर का निरीक्षण किया तथा वहां मौजूद मरीजों से सीधे चर्चा कर उन्हें मिलने वाली सुविधाओं और दवाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली।
मरीजों की समस्याएं सुनकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला दित्यांग प्रमाण पत्र एवं मेडिकल बोर्ड से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि पात्र हितग्राहियों के कार्य समय पर एवं पारदर्शिता के साथ किए जाएं, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
कलेक्टर के अचानक अस्पताल पहुंचने से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों में हलचल रही। उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, मरीजों की सुविधाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।














Leave a Reply