Advertisement

गौरी सरोवर से हटेगा अतिक्रमण, प्रशासन की सख्ती शुरू

बड़ी खबर :

भिंड। शहर के ऐतिहासिक गौरी सरोवर को अतिक्रमण मुक्त कराने की दिशा में प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। कलेक्टर द्वारा सरोवर क्षेत्र से अस्थायी और स्थायी अतिक्रमण हटाने के आदेश जारी किए गए हैं। कार्रवाई को प्रभावी ढंग से अंजाम देने के लिए प्रशासन और नगर पालिका ने पुलिस बल की मांग भी की है।

जानकारी के अनुसार, गौरी सरोवर के संरक्षण और पर्यावरणीय मानकों के पालन को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) को जानकारी उपलब्ध कराने के लिए नगर पालिका सीएमओ यशवंत वर्मा ने चार अलग-अलग सर्वे दलों का गठन किया है।
ये दल गौरी सरोवर की परिधि से 100 मीटर के दायरे में बने मकानों और प्लॉटों का सर्वे करेंगे।

संबंधित मकान एवं प्लॉट मालिकों को अपनी रजिस्ट्री, निर्माण अनुमति, नामांतरण सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।

प्रशासन इस जानकारी के आधार पर यह तय करेगा कि कौन से निर्माण नियमों के अनुरूप हैं और कौन अतिक्रमण की श्रेणी में आते हैं।

प्रशासन की इस कार्रवाई से सरोवर के आसपास वर्षों से बने अतिक्रमणों पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। वहीं, स्थानीय लोगों की नजर अब इस बात पर है कि कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित रहती है या वास्तव में सरोवर को अतिक्रमण मुक्त कराया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *