बिना कलेक्टर आदेश दूसरे जिले में बैठक!
भिंड। आगामी शैक्षणिक सत्र की तैयारियों को लेकर 9 जून को मुरैना जिले के सिंहोनिया स्थित ककनमठ परिसर में भिंड और मुरैना के छात्रावास अधीक्षकों की संयुक्त कार्यशाला, समीक्षा बैठक एवं समस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाने का संदेश जारी होने के बाद प्रशासनिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
सवाल यह उठ रहा है कि एक जिले के अधिकारियों-कर्मचारियों की दूसरे जिले में बैठक किस सक्षम प्रशासनिक आदेश के तहत बुलाई गई है।
आदेश को लेकर उठ रहे प्रश्न
सूत्रों के अनुसार बैठक में दोनों जिलों के छात्रावास अधीक्षकों की उपस्थिति अनिवार्य बताई गई है तथा केवल पूर्व स्वीकृत अवकाश को ही मान्य करने की बात कही गई है। ऐसे में चर्चा है कि क्या इस प्रकार की अंतर-जिला बैठक के लिए संबंधित कलेक्टरों या विभागीय उच्च अधिकारियों की विधिवत अनुमति प्राप्त की गई है। यदि अनुमति है तो उसका आदेश सार्वजनिक क्यों नहीं किया गया।
गोपनीय बैठक की आशंका, पारदर्शिता पर सवाल..
बैठक को लेकर कुछ कर्मचारियों में यह भी चर्चा है कि आखिर इतनी महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक जिला मुख्यालयों के बजाय दूसरे जिले के पर्यटन एवं धार्मिक महत्व वाले स्थल पर क्यों आयोजित की जा रही है। आदेश और प्रक्रिया को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आने से पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं। कर्मचारियों के बीच यह चर्चा भी है कि कहीं यह बैठक औपचारिक प्रशासनिक प्रक्रिया से इतर किसी विशेष उद्देश्य से तो आयोजित नहीं की जा रही। हालांकि संबंधित विभाग की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।















Leave a Reply