भिंड। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से थाना देहात पुलिस ने विशेष जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के तहत करीब 50 ट्रैक्टर-ट्रालियों पर रेडियम रिफ्लेक्टर पट्टियां लगाई गईं, ताकि रात के समय ये वाहन दूर से आसानी से दिखाई दे सकें।
पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव पाठक एवं नगर पुलिस अधीक्षक निरंजन सिंह राजपूत के निर्देशन में थाना प्रभारी देहात निरीक्षक शिवप्रताप सिंह राजावत के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया गया।
पुलिस ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रालियों पर पर्याप्त प्रकाश या परावर्तक संकेतक नहीं होने से रात्रि में दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। इसी को देखते हुए वाहनों पर रेडियम पट्टियां लगाकर उन्हें अधिक सुरक्षित बनाया गया।
अभियान के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करने तथा रात में विशेष सतर्कता बरतने की समझाइश दी गई। साथ ही ट्रैक्टर चालकों को वाहनों की लाइटें एवं अन्य सुरक्षा उपकरण हमेशा दुरुस्त रखने की सलाह भी दी गई।
इस दौरान उप निरीक्षक विजय शिवहरे, उप निरीक्षक धर्म सिंह तोमर सहित थाना स्टाफ मौजूद रहा।















Leave a Reply