भोपाल। अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस 1 मई के अवसर पर मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ द्वारा आज राजधानी भोपाल में विशाल प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है। संगठन के प्रांताध्यक्ष शलभ भदौरिया के नेतृत्व में होने वाले इस प्रदर्शन में प्रदेशभर से 3 हजार से अधिक श्रमजीवी पत्रकारों के शामिल होने की संभावना है।
न्यू मार्केट स्थित समन्वय भवन में आयोजित कार्यक्रम में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की प्रमुख मांग को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को 21 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा जाएगा। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्रशासनिक हलचल के चलते उनके शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
कार्यक्रम में स्थानीय शासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, भोपाल सांसद आलोक शर्मा एवं होशंगाबाद सांसद दर्शन सिंह चौधरी के भी शामिल होने की उम्मीद है। संगठन द्वारा सांसद चौधरी को संसद में पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग उठाने पर सम्मानित भी किया जाएगा।
रैली की शुरुआत सुबह 11:30 बजे सरस्वती पूजन के साथ होगी। आयोजन समिति के संयोजक रिजवान अहमद सिद्दीकी घायल होने के बावजूद स्वागत भाषण देंगे, जबकि उपाध्यक्ष दिलीप सिंह भदौरिया 21 सूत्रीय ज्ञापन का वाचन करेंगे। अंत में प्रांताध्यक्ष शलभ भदौरिया पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग को दोहराएंगे।














Leave a Reply