Advertisement

भोपाल में बड़ा हादसा: चौथी मंजिल से लिफ्ट गिरने पर पत्रकार संघ के पदाधिकारी घायल

मजदूर दिवस के आयोजन की तैयारी के दौरान हुआ हादसा, कई पदाधिकारियों को गंभीर चोटें, एक का पैर फ्रैक्चर

भिंड / भोपाल। राजधानी भोपाल के एमपी नगर क्षेत्र में गुरुवार को एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के पदाधिकारी लिफ्ट दुर्घटना का शिकार हो गए। यह घटना उस समय हुई जब संघ के सदस्य मजदूर दिवस (1 मई) के आयोजन की तैयारियों के सिलसिले में एक कार्यालय से होर्डिंग डिजाइन लेकर लौट रहे थे।

जानकारी के अनुसार, सभी सदस्य चौथी मंजिल से लिफ्ट के माध्यम से नीचे उतर रहे थे, तभी अचानक लिफ्ट का दरवाजा खुला रह गया और लिफ्ट सीधे नीचे आ गिरी। हादसे में आयोजन समिति के संयोजक रिजवान अहमद सिद्दीकी, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मुख्यालय प्रभारी दिलीप सिंह भदौरिया, प्रदेश महासचिव सुनील त्रिपाठी, महिला प्रकोष्ठ की संयोजक अनीता चौबे, सह संयोजक प्रगति सक्सेना, सादिया खान एवं सहायक सत्यप्रकाश घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि रिजवान अहमद सिद्दीकी को नर्मदा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनके पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है। वहीं अन्य घायलों का उपचार सेज अस्पताल में जारी है।

चिकित्सकों के अनुसार, सुनील त्रिपाठी को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दिलीप भदौरिया के पैर, अनीता चौबे के घुटने और प्रगति सक्सेना के पेट में गंभीर चोटें दर्ज की गई हैं।
हौसला बरकरार, आयोजन में शामिल होने का संकल्प
इतनी गंभीर दुर्घटना के बावजूद सभी घायलों का मनोबल ऊंचा बना हुआ है। सभी पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा है कि वे हर हाल में 1 मई को होने वाले मजदूर दिवस आयोजन में शामिल होंगे।

प्रार्थना और उम्मीद
पत्रकार संघ एवं शुभचिंतकों द्वारा सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है, ताकि वे जल्द ही स्वस्थ होकर अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें और आयोजन को सफल बना सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *