भिंड. जिले के अटेर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चामू स्थित पेट्रोल पंप के पास गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित बस ने सड़क किनारे खड़े एक टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो में सवार डेढ़ साल की मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार टेंपो में सवार सभी लोग किसी कथा-भागवत के भंडारे से लौट रहे थे। तभी अचानक एक अनियंत्रित बस ने टेंपो को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों में मुन्नी पत्नी ओमप्रकाश, गुड्डी देवी पत्नी रामवीर, बसंती पत्नी सुभाष और बबली पत्नी हरविलास शामिल हैं, जिन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय भिंड पहुंचाया गया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए एक महिला को ग्वालियर रेफर किया गया है।
बताया गया है कि सभी यात्री उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के जैतपुर क्षेत्र के निवासी हैं। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही अटेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हादसे के लिए जिम्मेदार बस को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस हृदयविदारक घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दुर्घटनास्थल पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है।















Leave a Reply