लगभग 200 हितग्राहियों ने उठाया लाभ, निःशुल्क दवाएं व उपकरण वितरित
भिंड,राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार एवं माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भिण्ड द्वारा सेवा भारती वृद्धाश्रम, बायपास रोड भिंड में शनिवार को मेगा विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सचिव सुश्री अनुभूति गुप्ता ने की।
शिविर में नालसा एवं सालसा की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया। साथ ही जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों के सहयोग से वृहद स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित कर हितग्राहियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक न्याय विभाग की ओर से वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण जैसे श्रवण यंत्र (कान की मशीन), इलेक्ट्रॉनिक हैंडीकैप रिक्शा एवं अन्य सामग्री वितरित की गई। साथ ही उपस्थित लोगों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया।बाल गृह से आए बच्चों को शिक्षा एवं भविष्य निर्माण के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया गया।
शिविर में लगभग 200 से अधिक हितग्राही शामिल हुए, जिन्हें फूड पैकेट भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में जिला विधिक सहायता अधिकारी, लीगल एंड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्तागण, पैरा लीगल वॉलिंटियर्स, जिला चिकित्सालय के चिकित्सक, महिला एवं बाल विकास तथा सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित वृद्धाश्रम स्टाफ उपस्थित रहा।
कार्यक्रम के माध्यम से हितग्राहियों ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाया।















Leave a Reply