जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में एनीमिया, डायबिटीज सहित गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान पर जोर
भिण्ड,
कलेक्ट्रेट सभागार भिण्ड में कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO), सभी बीएमओ एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि ABCD सर्वे के तहत सभी आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर प्रत्येक व्यक्ति, महिला एवं बच्चों की जांच सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि इस सर्वे के माध्यम से एनीमिया, डायबिटीज, उच्च रक्तचाप और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का समय रहते पता लगाया जा सकेगा। यह सर्वे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में व्यापक रूप से संचालित किया जाए ताकि कोई भी परिवार इससे वंचित न रहे।
उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि डोर-टू-डोर विजिट के दौरान सैंपल कलेक्शन और स्क्रीनिंग पर विशेष ध्यान दिया जाए।
🔹 टीबी उन्मूलन अभियान की समीक्षा
बैठक में टीबी उन्मूलन अभियान की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि अभियान में जन-भागीदारी बढ़ाई जाए और नि-क्षय मित्रों के माध्यम से टीबी मरीजों को नियमित फूड बास्केट उपलब्ध कराई जाए, जिससे मरीजों को पोषण एवं उपचार दोनों का लाभ मिल सके।
उन्होंने सभी बीएमओ को निर्देश दिए कि वे फील्ड में जाकर स्वयं निरीक्षण करें और डॉक्टरों व आशा कार्यकर्ताओं के कार्यों की निगरानी करें, ताकि किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
🔹 एचपीवी टीकाकरण पर जोर
कलेक्टर ने एचपीवी (सर्वाइकल कैंसर) टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि स्कूल खुलते ही 14 से 15 वर्ष तक की बालिकाओं का अधिकतम टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान CMHO ने जानकारी दी कि जिले में अब तक 3,021 बालिकाओं का टीकाकरण किया जा चुका है।
🔹 अन्य योजनाओं पर चर्चा
बैठक में सर्वाइकल टीका अभियान, मातृ-शिशु स्वास्थ्य योजनाएं सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।
















Leave a Reply