Advertisement

फरार आरोपी की गिरफ्तारी नहीं, पीड़ित ने एसपी से लगाई गुहार

चार माह बाद भी कार्रवाई नहीं, पुलिस पर सांठगांठ के आरोप

भिंड। जिले के मेहगांव थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में नामजद आरोपी की चार माह बाद भी गिरफ्तारी न होने से नाराज पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित ने पुलिस पर आरोपी से सांठगांठ का गंभीर आरोप भी लगाया है।

ग्राम पिपरौली निवासी नरेंद्र सिंह गौर ने एसपी डॉ. असित यादव को दिए आवेदन में बताया कि 9 नवंबर 2025 को वह मेहगांव से अपने गांव लौट रहा था। रास्ते में गांव के ही योगेंद्र सिंह गौर उसे बहाने से अपने साथ ले गए और कोहार-धनौती के बीच सुनसान स्थान पर बाइक रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने 306 बोर की बंदूक से जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

इस मामले में मेहगांव थाने में अपराध क्रमांक 37/2026 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया, लेकिन अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी खुलेआम गांव में घूम रहा है और उस पर राजीनामा करने का दबाव बना रहा है। साथ ही उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही हैं।

पीड़ित के अनुसार, वह 8 से 10 बार पुलिस को लिखित शिकायत दे चुका है, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। इससे नाराज पीड़ित ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

पीड़ित ने एसपी से आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर हथियार बरामद करने और न्यायालय में चालान पेश करने की मांग की है, ताकि उसे न्याय मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *