Advertisement

गहोई वैश्य सभा का होली मिलन समारोह व आम सभा संपन्न

“सामाजिक सहयोग के बिना विकास असंभव” – शैलेन्द्र बिलैया

भिंड। स्थानीय महावीर गंज शिवाजी नगर स्थित राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त गहोई सामुदायिक भवन में रंग पंचमी के अवसर पर गहोई वैश्य सभा भिंड द्वारा होली मिलन समारोह एवं आम सभा का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सभा अध्यक्ष शैलेन्द्र बिलैया ने की, जबकि संचालन संरक्षक संतोष लहारिया ने किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान सूर्य देव एवं राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त की प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद अध्यक्ष शैलेन्द्र बिलैया ने सामाजिक प्रगति का विवरण प्रस्तुत करते हुए आगामी योजनाओं का विस्तृत अनुमानित बजट सभा के समक्ष रखा। साथ ही विधान संशोधन के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित करने तथा सांस्कृतिक गतिविधियों को गति देने के लिए वैकल्पिक पदों के मनोनयन का प्रस्ताव आम सहमति से करतल ध्वनि के साथ पारित किया गया।

अपने संबोधन में अध्यक्ष शैलेन्द्र बिलैया ने कहा कि “सामाजिक सहयोग के बिना विकास असंभव है।” उन्होंने सभी को होली पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष प्रमोद कनकने, सचिव अमन रावत, कोषाध्यक्ष विवेक नौगरैया, सह सचिव महेश तरसोलिया, परीक्षक अतुल नौगरैया, कार्यालय अधीक्षक राजेश विलैया सहित कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी।

प्रवक्ता अंजुम मनोहर ने बताया कि महिलाओं में ऊषा-कैलाश नगरिया, मालती कस्तवार, वंदना सोनी, वंदना रावत और विनीता नौगरैया ने सामूहिक रूप से होली गीत व भजन प्रस्तुत किए, जिन पर नृत्य भी हुआ।

इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी कैलाश नगरिया, रामकुमार कसाव, रमेश सोनी, हरनारायण सोनी, विनोद रूसिया, राकेश कसाव, रामकुमार सोनी, अशोक कुरेले और सुरेश नौगरैया (एडवोकेट) ने आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर समाज के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में संयोजक नरेन्द्र हूंका ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी सहयोग बनाए रखने की अपील की। साथ ही समाज के दिवंगत सदस्यों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *