भिंड।
मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ की भिंड जिला इकाई की त्रैमासिक बैठक रविवार को उमंग वाटिका स्थित एमपी पैलेस में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा के साथ ही वरिष्ठ पत्रकार देवेंद्र शर्मा पर दर्ज एफआईआर के मामले को प्रमुखता से उठाया गया। पत्रकारों ने इसे गंभीर विषय बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की और प्रशासन को ज्ञापन देने का निर्णय लिया।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश संयुक्त सचिव राकेश शर्मा, विशिष्ट अतिथि प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य महेश मिश्रा, वरिष्ठ पत्रकार अनिल शर्मा व अजय शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष विश्वनाथ श्रीवास ने की, जबकि मंच संचालन शिवम चौधरी ने किया।
बैठक में बताया गया कि वरिष्ठ पत्रकार देवेंद्र शर्मा लंबे समय से गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं और इलाज के लिए मालनपुर के सरकारी अस्पताल पहुंचे थे। आरोप है कि उस समय ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर मोबाइल पर सोशल मीडिया में व्यस्त थे। जब बीमार पत्रकार ने अपनी समस्या बताने की कोशिश की तो डॉक्टर ने नाराज होकर शासकीय कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ मामला दर्ज करा दिया।
इस घटना को लेकर गोहद, मेहगांव, गोरमी, फूप-अटेर, भिंड शहर, भिंड ग्रामीण और दबोह-आलमपुर सहित विभिन्न ब्लॉकों से पहुंचे पत्रकारों ने नाराजगी व्यक्त की और इसे पत्रकारों के सम्मान से जुड़ा मामला बताया।
जिला अध्यक्ष विश्वनाथ श्रीवास ने कहा कि यदि किसी पत्रकार साथी पर झूठा मामला दर्ज किया जाता है तो संगठन उसकी लड़ाई मजबूती से लड़ेगा। उन्होंने बताया कि प्रशासन को ज्ञापन देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और प्रकरण में खात्मा रिपोर्ट लगाने की मांग की जाएगी।
बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष (शहरी) भानु श्रीवास्तव ने पिछले तीन माह की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि संगठन की मांगों को लेकर दिल्ली में जंतर-मंतर पर धरना दिया गया, जहां केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah, सड़क परिवहन मंत्री Nitin Gadkari और रेल मंत्री Ashwini Vaishnaw को अलग-अलग ज्ञापन सौंपे गए। इसके अलावा 2 मार्च को जिले के पत्रकारों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को भी ज्ञापन दिया गया।
उन्होंने बताया कि जिले के टोल नाकों पर संगठन के सदस्यता कार्ड को मान्यता दिलाने, भिंड में पत्रकार भवन और पत्रकार कॉलोनी की मांग को भी प्रशासन के माध्यम से शासन तक पहुंचाया गया है। इसके लिए जल्द ही आवास समिति का गठन किया जाएगा।
बैठक के बाद जिले के सभी नौ ब्लॉकों के पदाधिकारियों को संगठन के सदस्यता कार्ड वितरित किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत जिला महासचिव असगर खान द्वारा 11 सूत्रीय एजेंडा पढ़कर की गई। इस दौरान पत्रकारों ने नवनियुक्त जिला अध्यक्ष विश्वनाथ श्रीवास का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया।
बैठक में संभागीय पदाधिकारी परानिधेश भारद्वाज, कोषाध्यक्ष योगेश चौधरी, अनुराग सिंह चौहान, संजय पाठक, मनोज श्रीवास्तव, शिवम पांडेय, विष्णु तोमर, हसरत अली, अक्षय प्रताप भदौरिया, हरिओम शर्मा, रणवीर सिंह परमार, राजीव श्रीवास्तव, रविंद्र भदौरिया, अरविंद दीक्षित, देवेंद्र कुमार जैन, राजकुमार जोशी, पवन राजोरिया, राधेश्याम गौड़, काजी रिजवान, धर्म सिंह यादव, इमरान अली खान, राघवेंद्र सिंह, सूरज कौशल, जागेश्वर भारद्वाज, छोटेलाल झा, धर्मवीर यादव, पीयूष शर्मा, रफीक खान और आलोक अवस्थी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।











Leave a Reply