Advertisement

मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना विकास कार्यों को मिल रही गति:नरेंद्र कुशवाह

विधायक ने भटमास पुरा में 20 लाख की लागत से सड़क निर्माण कार्य का किया भूमिपूजन

Bhind.

विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई दिशा देते हुए लोकप्रिय विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह ने ग्राम पंचायत भटमासपुरा में लगभग 20 लाख रुपए की लागत से बनने वाली सड़क निर्माण कार्य का भव्य भूमिपूजन किया। यह सड़क निर्माण कार्य मुख्यमंत्री ग्राम सड़क अवसंरचना योजना के अंतर्गत कराया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को आने-जाने में बड़ी राहत मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत की सरपंच अनीता-अजीत शाक्य, उपसरपंच, पंचगण, जनपद सदस्य, तथा सैकड़ों ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
भूमिपूजन के पश्चात ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक कुशवाह ने कहा कि भटमासपुरा सहित भिंड विधानसभा क्षेत्र के हर गांव को मजबूत सड़क सुविधा से जोड़ना मेरा संकल्प है। गांवों तक सड़क पहुंचने से न केवल आवागमन सुगम होगा बल्कि आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में ग्राम विकास, सड़क अवसंरचना, पेयजल और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में तीव्र गति से कार्य कर रही है। विधायक ने यह भी कहा कि ग्रामीणों की हर समस्या को प्राथमिकता से हल किया जाएगा, ताकि गांवों को आत्मनिर्भर और आधुनिक बनाया जा सके। इस अवसर पर सरपंच अनीता शाक्य ने विधायक कुशवाह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सड़क के निर्माण से लंबे समय से ग्रामीणों की मांग पूरी हुई है। कार्यक्रम में अजीत शाक्य, सुरेश बाबा, राकेश यादव, महेश यादव, प्रदीप यादव, लाखन यादव, सुदामा यादव, रविराज यादव, सहित क्षेत्र के अनेक समाजसेवी और ग्रामीण उपस्थित रहे।