Advertisement

कैंसर पीड़ित के लिए शिक्षक ने किया रक्तदान, हो रही है प्रशंसा.

भिण्ड । संबाददाता

जिला चिकित्सालय में भर्ती वीरेंद्र नगर निवासी कैंसर पीड़िता कमलेश देवी का हीमोग्लोबिन मात्र 4 ग्राम रह गया था, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई थी। चिकित्सकों ने उन्हें तुरंत रक्त चढ़ाने की सलाह दी, लेकिन जरूरत के अनुसार रक्त की उपलब्धता नहीं हो पाई। ऐसे में नवजीवन रक्तदान समूह के माध्यम से समाजसेवी और शिक्षक गगन शर्मा को इसकी जानकारी मिली, तो उन्होंने तुरंत जिला चिकित्सालय पहुंचकर स्वेच्छिक रक्तदान कर मरीज की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर जे. एस. यादव, जिला क्षय अधिकारी डॉ. देवेश शर्मा, डॉक्टर अनिल गोयल, डॉक्टर उमेश शर्मा, पार्षद राहुल यादव, वरिष्ठ पत्रकार हसरत अली, पिंकू शर्मा एवं राहुल भारद्वाज उपस्थित रहे। सभी ने गगन शर्मा के इस मानवीय प्रयास की सराहना की और रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे. एस. यादव ने कहा कि भिंड में रक्तदान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ी है और लोग स्वेच्छा से रक्तदान करने जिला चिकित्सालय आ रहे हैं। उन्होंने अपील की कि अधिक से अधिक लोग रक्तदान करें, ताकि किसी भी मरीज की जान सिर्फ रक्त की कमी से न जाए। इस मौके पर गगन शर्मा, जो अपनी 15वीं बार रक्तदान कर रहे थे, ने कहा कि “रक्त किसी भी मशीन से नहीं बनाया जा सकता, इसकी पूर्ति केवल मनुष्य द्वारा किए गए स्वेच्छिक रक्तदान से ही संभव है। यदि किसी को रक्त की आवश्यकता हो, तो हमें आगे आकर मरीज को जीवनदान देना चाहिए।” उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नियमित रूप से रक्तदान करें और समाज में इस नेक कार्य को बढ़ावा दें। गगन शर्मा के इस सराहनीय कदम से न केवल एक कैंसर पीड़िता को नया जीवन मिला, बल्कि यह समाज के लिए भी एक प्रेरणा बन गया है।