मेहगांव। कन्हारी पुलिया के नजदीक समर्सिबल मोटर पार्ट्स की एक दुकान में गुरुवार शुक्रवार की दरमियानी रात भीषण आग लग गई, जिस से दुकान में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। इस हादसे में लगभग 40 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक़ दुकान मालिक ग्राम कन्हारी निवासी जितेंद्र सोलंकी ने बताया वह प्रति दिन की तरह अपनी दुकान बंद कर घर जाकर सो गया था। देर रात पड़ोसी नंदू राठौर ने दरवाजे पर आकर आवाज लगाई और बताया कि उनकी दुकान में आग लगी हुई है। सुनते ही जितेंद्र अपने परिवार के साथ तुरंत दुकान पर पहुंचा जहां उन्होंने देखा कि दुकान से तेज आग की लपटें उठ रही थीं।
कैबिल एवं पाइप जलकर हुआ खाक:
आग की चपेट में आकर दुकान में रखी समर्सिबल मोटर,केबल,पाइप, और अन्य उपयोगी उपकरण जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। जितेंद्र ने बताया कि हाल ही में उन्होंने सीजन को ध्यान में रखते हुए 10 लाख रुपये का नया सामान मंगवाया था, लेकिन आग की वजह से सबकुछ खत्म हो गया।
शक के घेरे में आग लगने का कारण:
जितेंद्र और उनके परिजनों का कहना है कि यह आग किसी दुर्घटना का नतीजा नहीं है, बल्कि किसी ने जान बूझकर लगाई है। आगजनी की घटना के बाद जितेंद्र ने तुरंत पुलिस थाना मेहगांव को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू कर दी है।
दुकानदार और परिजनों का गहरा सदमा:
इस भीषण घटना के बाद दुकानदार जितेंद्र एवं उनका परिवार गहरे सदमे में है। आग से उनकी रोजी-रोटी का पूरा साधन खत्म हो गया है। जितेंद्र ने अपनी व्यथा व्यक्त करते हुए बताया है इतने बड़े नुकसान के बाद अब दोबारा से दुकान को खड़ा करना बेहद मुश्किल हो गया है।
प्रशासन से मदद की अपील:
घटना के बाद से जितेंद्र एवं उसके परिवार ने प्रशासन से इस मामले की गहन जांच कराने और उचित मदद प्रदान करने की गुहार लगाई है। इस घटना ने स्थानीय व्यापारियों में भी चिंता का माहौल पैदा हो गया है। वे भी इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।
इधर पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।












