Advertisement

जिला चिकित्सालय में कायाकल्प सर्वेक्षण टीम ने किया निरीक्षण,अधिकारियों को दिए दिशा निर्देश

भिण्‍ड : संवाददाता
कोहरे की चादर से लिपटी मंगलवार की सुबह तीन सदस्यीय कायाकल्प फाइनल सर्वेक्षण टीम ने जिला अस्पताल का दौरा किया और अस्पताल के विभिन्न पहलुओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस टीम में डॉ. विशाल शुक्ला डीआईओ एण्‍ड क्‍वालिटी असेसर्स दमोह, डॉ. अमित प्रकाश जैन पैथोलोजिस्‍ट एण्‍ड नोडल दमोह और डॉ. अकीला अंसारी एक्‍सर्टनल क्‍वालिटी असेसर्स शिवपुरी से शामिल थी।

टीम ने हॉस्पिटल में स्वच्छता,जैविक कचरा निस्तारण,संक्रमण नियंत्रण,सुरक्षा व्यवस्था, सहायक सेवाओं की स्थिति,अस्पताल का सौंदर्यकरण,पर्यावरण,शौचालय की स्थिति और मरीजों से फीडबैक जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गहरी निगरानी रखी। साथ ही दवा वितरण कक्ष,पर्चा काउंटर और यह सुनिश्चित किया कि मरीजों को बाहरी दवाएं तो नहीं लिखी जा रही हैं। टीम के सदस्यों ने सर्वे के दौरान,ज़िला अस्पताल स्टाफ से भी कई सवाल पूछे गए। वहीं कुछ कर्मचारियों ने सवाल के संतोष जनक जवाब दिए,जबकि कुछ ने सवालों का जवाब देने में असमर्थता ज़ाहिर की। टीम ने इस पर कहीं ख़ुशी तो कहीं नाराजगी व्यक्त करते हुए दिशा-निर्देश जारी किए। बताना ज़रूरी है कि इस टीम का उद्देश्य अस्पताल की कार्यप्रणाली में सुधार लाना और मरीजों को उच्च गुणवत्ता की सेवाएं प्रदान करना है। सर्वे के परिणाम स्वरूप जिला अस्पताल को अंक दिए जाएंगे,जो अस्पताल के सुधार और सेवा गुणवत्ता का निर्धारण करेंगे। यह कदम जिला अस्पताल को कायाकल्प की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ाने और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार करने के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।